ऋषिकेश में एक युवक का पुल से गंगा नदी में छलांग लगाते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो लक्ष्मणझूला–नीलकंठ मार्ग पर स्थित गरूड़ चट्टी पुल का बताया जा रहा है।
वीडियो में एक युवक ऊंचे पुल से गंगा में कूदता दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि नीचे से गुजर रही राफ्ट में बैठे कुछ लोगों ने इस घटना को रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर शेयर किया।
वीकेंड पर जहां बड़ी संख्या में पर्यटक राफ्टिंग और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने ऋषिकेश पहुंचते हैं, वहीं कुछ लोग रोमांच के नाम पर अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, गरूड़ चट्टी पुल से नदी में छलांग लगाना बेहद खतरनाक है, क्योंकि यहां गंगा का बहाव तेज है और नीचे चट्टानें भी मौजूद हैं।
हालांकि, पुलिस ने इस घटना की पुष्टि नहीं की है। लक्ष्मणझूला थाना प्रभारी का कहना है कि हाल में ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई है और संभव है कि वायरल वीडियो पुराना हो।
गौर करने वाली बात यह है कि पुल के पास ही पुलिस चौकी मौजूद है, इसके बावजूद इस तरह की लापरवाही सामने आ रही है।
सावधानी की अपील:
प्रशासन और स्थानीय लोगों ने पर्यटकों से अपील की है कि वे इस तरह के खतरनाक स्टंट से बचें और अपनी सुरक्षा का ध्यान रखें।

