हैदराबाद से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां 19 वर्षीय एक युवती घर से अचानक लापता हो गई। युवती के जाने के बाद घर में एक पत्र मिला, जिसमें उसने अपने मानसिक तनाव और भगवान शिव के बुलावे का जिक्र किया है।
जानकारी के अनुसार, युवती मेडिपल्ली इलाके में अपने माता-पिता के साथ रहती थी। दो दिन पहले वह बिना बताए घर से निकल गई। जब परिजनों ने उसकी तलाश की तो उन्हें उसका लिखा एक पत्र मिला। इस पत्र में उसने लिखा था कि वह अवसाद में है और भगवान शिव उसे बुला रहे हैं, इसलिए वह उनके पास जा रही है।
परिजनों ने तुरंत आसपास खोजबीन की, लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों और संभावित स्थानों पर जांच कर रही है।
परिवार के अनुसार, युवती पहले एक युवक के संपर्क में थी, हालांकि बाद में उसने उससे बात करना बंद कर दिया था। परिजनों का कहना है कि उन्होंने इस बात को लेकर उस पर किसी तरह का दबाव नहीं बनाया था।
इस घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, युवती द्वारा लिखा गया पत्र सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, जिससे मामला और चर्चा में आ गया है।

