देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार ने राज्य के समग्र विकास को गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को वित्तीय और प्रशासनिक स्वीकृति दी है। इन योजनाओं का उद्देश्य आधारभूत ढांचे को मजबूत करना और रोजगार के अवसर बढ़ाना है।
हरिद्वार में गंगा कॉरिडोर के तहत ‘नॉर्थ हर-की-पौड़ी’ विकास कार्यों के लिए 66.34 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी गई है। इससे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। वहीं देहरादून में चारधाम यात्रा के लिए आधुनिक मॉनिटरिंग एवं इंसिडेंट रिस्पॉन्स सेंटर बनाया जाएगा, जिससे यात्रियों की सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन में सुधार होगा।
पंचायती राज संस्थाओं को 133.68 करोड़ रुपये की पहली किश्त जारी की गई है। इस धनराशि का उपयोग पेयजल, स्वच्छता, वर्षा जल संचयन और गांवों की साफ-सफाई जैसे कार्यों में किया जाएगा।
खेल क्षेत्र में भी सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। हल्द्वानी में अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम को खेल विश्वविद्यालय के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा चंपावत में श्री गोलू देवता कॉरिडोर परियोजना को भी मंजूरी मिली है।

सरकार का कहना है कि इन योजनाओं से राज्य में विकास और विरासत के बीच संतुलन कायम होगा और आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा।
