रुड़की : रुड़की में कारोबारी रंजिश के चलते एक मैनेजर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक ने केमिकल प्लांट के मैनेजर को गोली मार दी…जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस के मुताबिक पश्चिमी अंबर तालाब निवासी कन्हैया का सुनहरा क्षेत्र में केमिकल का प्लांट है। कुछ समय पहले दीपेंद्र कुमार नाम का युवक उसके प्लांट में काम करता था…लेकिन बाद में उसने दूसरी जगह बने केमिकल प्लांट में मैनेजर की नौकरी शुरू कर दी। आरोप है कि मैनेजर बनने के बाद दीपेंद्र ने पुराने प्लांट के कई ग्राहकों को अपने नए प्लांट से जोड़ लिया…जिससे कन्हैया के कारोबार को नुकसान होने लगा।
इसी बात को लेकर दोनों के बीच मनमुटाव बढ़ता गया। बताया जा रहा है कि बुधवार रात दीपेंद्र काम खत्म कर पैदल अपने घर जा रहा था…तभी पीछे से आरोपी ने उस पर गोली चला दी। गोली उसकी पीठ में लगी…जिससे वह घायल हो गया। आरोपी दूसरी गोली चलाने की तैयारी में था लेकिन घायल दीपेंद्र के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और आरोपी को पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान वह दूसरी गोली नहीं चला सका।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला कारोबारी रंजिश से जुड़ा सामने आया है। घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है और उसकी हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
