देहरादून: हिन्दू नववर्ष के मौके पर आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास पर सूचना एवं लोक संपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित पंचांग कैलेंडर का विमोचन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पंचांग कैलेंडर उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को बचाने और हर नागरिक तक पहुँचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि देवभूमि उत्तराखण्ड अपनी परंपराओं, धार्मिक आस्थाओं और सांस्कृतिक मूल्यों के लिए देश-विदेश में खास पहचान रखता है।
उन्होंने बताया कि यह कैलेंडर सिर्फ तिथि, वार, मास और पर्व की जानकारी ही नहीं देगा, बल्कि पारंपरिक त्योहारों, व्रतों और धार्मिक आयोजनों की महत्ता से भी लोगों को अवगत कराएगा। इससे नागरिक अपनी संस्कृति और परंपराओं से और अधिक जुड़ पाएंगे।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पंचांग में उत्तराखण्ड के प्रमुख धार्मिक और आस्था स्थलों को विशेष स्थान दिया गया है। ये स्थल न केवल श्रद्धा के केंद्र हैं, बल्कि राज्य की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक भी हैं।
