देहरादून: उत्तराखंड में एलपीजी गैस कालाबाजारी के मामलों पर जिला प्रशासन ने कड़ा एक्शन लिया है। अब किसी भी गैस एजेंसी में गैरकानूनी सिलेंडर पाए जाने पर एजेंसी स्वामी को सीधे जेल भेजा जाएगा।
जिले की हर गैस एजेंसी पर अधिकारी तैनात किए गए हैं, जो एजेंसी की संपूर्ण गतिविधियों पर नजर रखेंगे। उपभोक्ताओं को होम डिलीवरी के जरिए ही गैस उपलब्ध कराई जाएगी और इसे ओटीपी आधारित सिस्टम से सुनिश्चित किया जाएगा।
जिले में गैस कालाबाजारी के खिलाफ अब तक 5 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। इनमें से 3 आरोपी जेल भेजे गए, जबकि 150 घरेलू, 139 व्यवसायिक और 7 छोटे सिलेंडर जब्त किए गए हैं।
जिलाधिकारी सविन बसंल ने कहा कि गैस एजेंसियों का हर स्टॉक, बैकलॉग और वितरण प्रतिदिन क्यूआरटी टीम को रिपोर्ट किया जाएगा। मैन्युअल और ऑनलाइन बुकिंग का बैकलॉग शाम तक अपडेट करना अनिवार्य होगा।
पुलिस अधीक्षक नगर ने निर्देश दिए कि छापेमारी में पकड़े गए अवैध सिलेंडर की स्रोत एजेंसी की पहचान कर एजेंसी स्वामी के खिलाफ सीधे मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा जाए।

इस नई व्यवस्था से न केवल गैस कालाबाजारी पर अंकुश लगेगा, बल्कि एजेंसियों पर भी भीड़ और अव्यवस्था से निजात मिली है।
