देहरादून: मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में आज सचिवालय में व्यय वित्त समिति की बैठक हुई। इसमें शहरी विकास विभाग, पेयजल विभाग और लोक निर्माण विभाग के कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
मुख्य सचिव ने नीलकंठ महादेव (पौड़ी गढ़वाल) और रामनगर (नैनीताल) में मल्टी-स्टोरी पार्किंग निर्माण को मंजूरी दी। उन्होंने पार्किंग निर्माण के लिए सभी गाइडलाइंस और तकनीकी पहलुओं का पालन अनिवार्य करने के निर्देश दिए। नीलकंठ महादेव में भूमि का जियोटेक्निकल सर्वे भी अनिवार्य करने को कहा गया।
पेयजल विभाग की तीन परियोजनाओं और लालकुआं नगर पंचायत की सीवर लाइन योजना को भी समिति ने मंजूरी दी। मुख्य सचिव ने ग्रेविटी आधारित पेयजल परियोजनाओं में मीटर लगाने के निर्देश दिए।
लोक निर्माण विभाग की काठगोदाम बाईपास मार्ग पर 3.5 किलोमीटर सड़क और 75 मीटर स्पैन के सेतु निर्माण को भी मंजूरी मिली।

बैठक में सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार, डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, दिलीप जावलकर और रणवीर सिंह चौहान समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
