देहरादून। उत्तराखंड में व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों के वितरण को व्यवस्थित करने के लिए जारी स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) अब लागू हो गया है। तेल कंपनियां—इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOCL), हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) और भारत पेट्रोलियम (BPCL)—नई व्यवस्था के तहत जनपदवार सिलेंडर आवंटन शुरू कर चुकी हैं।
नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक गैस एजेंसी को उसके व्यावसायिक कनेक्शनों की संख्या के अनुसार सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे वितरण में पारदर्शिता बढ़ेगी और आवश्यकता के अनुसार आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
राज्य में वर्तमान में 63,054 व्यावसायिक गैस कनेक्शन हैं, जिनकी आपूर्ति 311 गैस एजेंसियों के माध्यम से होती है। एसओपी लागू होने के बाद व्यावसायिक एलपीजी की उपलब्धता में सुधार आने की उम्मीद है।
अपर आयुक्त खाद्य पी.एस. पांगती ने बताया कि राज्य में घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि होटल, रेस्टोरेंट, होमस्टे, अस्पताल और फार्मास्यूटिकल इकाइयों को उनकी दैनिक जरूरत के अनुसार सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।

उन्होंने यह भी बताया कि मंगलवार शाम तक 19 किलो के 794 और 47.5 किलो के 85 व्यावसायिक सिलेंडर जनपदवार एजेंसियों को भेजे जा चुके हैं, जिससे व्यावसायिक क्षेत्र को राहत मिलने की संभावना है।
