देहरादून : उत्तराखंड में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की कमी को देखते हुए सरकार ने नई व्यवस्था लागू कर दी है। खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के सचिव आनंद स्वरूप ने व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति को लेकर नई एसओपी जारी की है।
दरअसल, कमर्शियल गैस पर्याप्त मात्रा में न मिलने से होटल, रेस्टोरेंट और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। वहीं राज्य में इस समय शीतकालीन यात्रा चल रही है और अगले महीने से चारधाम यात्रा भी शुरू होने वाली है। ऐसे में पर्यटन कारोबार पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही थी।
नई एसओपी के तहत अब प्रदेश में रोजाना 2650 कमर्शियल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे। सिलेंडरों की आपूर्ति तीनों तेल कंपनियों—आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल—द्वारा उनकी बाजार हिस्सेदारी के अनुसार की जाएगी। साथ ही कंपनियों को आपूर्ति की जानकारी संबंधित जिलाधिकारियों को भी देनी होगी।
सरकार ने यह भी तय किया है कि गैस सिलेंडरों का वितरण जिलेवार कनेक्शन संख्या के आधार पर किया जाएगा। वहीं होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, फार्मास्यूटिकल कंपनियां, डेयरी, औद्योगिक कैंटीन और होम स्टे जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी।

सरकार का कहना है कि इस व्यवस्था से कमर्शियल गैस की आपूर्ति सुचारू रहेगी और पर्यटन तथा अन्य व्यवसायों को राहत मिलेगी।
