देहरादून : प्रदेश में एलपीजी गैस और आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी पर अब सख्ती बढ़ा दी गई है। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने साफ कहा है कि गैस की अवैध बिक्री और जमाखोरी किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमित रूप से छापेमारी, स्टॉक की जांच और निगरानी अभियान चलाए जाएं।
बैठक में पूर्ति विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि राज्य में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को मांग के अनुसार समय पर आपूर्ति दी जा रही है। अधिकारियों ने अब तक की गई कार्रवाई, छापेमारी और दर्ज एफआईआर का भी ब्यौरा प्रस्तुत किया।

मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों से लगातार फीडबैक लेने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्थिति में गैस आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए और आम जनता को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
