देहरादून : उत्तराखंड के पारंपरिक लोक पर्व फूलदेई को लेकर देश के जाने-माने उद्योगपति आनंद महिंद्रा की प्रतिक्रिया अब चर्चा का विषय बन गई है।
महिंद्रा ग्रुप के चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस पर्व की सराहना करते हुए इसे एक सुंदर वसंत उत्सव बताया है।
इस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि महिंद्रा ने फूलदेई पर्व की भावना को बेहद सुंदर शब्दों में व्यक्त किया है। यह पर्व प्रकृति के प्रति आस्था, सद्भाव और समृद्धि का प्रतीक है।
आनंद महिंद्रा ने अपने संदेश में लिखा कि इस पर्व के बारे में उन्हें पहले जानकारी नहीं थी। उत्तराखंड के गांवों में मनाया जाने वाला यह त्योहार बेहद खास है, जहां बच्चे पहाड़ों से फूल इकट्ठा कर घर-घर जाकर लोगों के दरवाजों पर रखते हैं और सुख-समृद्धि की कामना करते हैं।
इसके बदले में लोग बच्चों को मिठाइयां और अन्य उपहार देते हैं। महिंद्रा ने इस परंपरा की तुलना अमेरिका के हैलोवीन से करते हुए कहा कि जहां वहां बच्चे कुछ मांगते हैं, वहीं उत्तराखंड में बच्चे पहले फूल देकर आशीर्वाद देते हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने विश्वास जताया कि इस तरह की सराहना से उत्तराखंड की यह अनूठी परंपरा देश और दुनिया में और अधिक पहचान बनाएगी।
