देहरादून(उत्तराखंड): मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में शहरी विकास विभाग के अंतर्गत चयनित 63 सफाई निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस अवसर पर उन्होंने लगभग ₹62 करोड़ की अनुमानित लागत से बनने वाले शहरी विकास निदेशालय के नवीन भवन का वर्चुअल शिलान्यास भी किया और कूड़ा निस्तारण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले चार वर्षों में राज्य में लगभग 30 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने लोक सेवा आयोग के माध्यम से चयनित सभी सफाई निरीक्षकों को शुभकामनाएँ दीं और कहा कि आज उनके जीवन में एक नई जिम्मेदारी की शुरुआत हो रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि राज्य गठन के समय केवल 63 स्थानीय नगर निकाय थे, जबकि अब प्रदेश में 11 नगर निगम, 46 नगर पालिका परिषद और 51 नगर पंचायत सहित कुल 108 नगर निकाय हैं। यह स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि शहर विकास और आर्थिक गतिविधियों के केंद्र बन चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निकाय शहरों को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आधुनिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, क्योंकि कूड़ा प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं की सुचारू व्यवस्था इन्हीं के कंधों पर निर्भर करती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर निकाय हमारे शहरों के विकास का मजबूत स्तंभ हैं और सफाई निरीक्षक इसकी नींव हैं। पिछले पांच वर्षों में नगर निकायों में 63 अधिशासी अधिकारियों, 22 कर एवं राजस्व निरीक्षकों और 32 अवर अभियंताओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा चुके हैं। 63 नए सफाई निरीक्षक नगर निकायों की कार्यक्षमता और बेहतर बनाएंगे।
धामी ने यह भी बताया कि उत्तराखंड आस्था, आध्यात्म और पर्यटन का प्रमुख केंद्र है। आगामी वर्ष 2027 में कुंभ मेला और अगले महीने चारधाम यात्रा के मद्देनज़र शहरों और तीर्थस्थलों की स्वच्छता बनाए रखना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहरों को आधुनिक और सुरक्षित बनाने के लिए कई कदम उठा रही है। स्वच्छ भारत मिशन, स्मार्ट सिटी मिशन, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, अमृत मिशन और खुले में शौच मुक्त अभियान जैसे विभिन्न योजनाओं के माध्यम से नागरिकों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अर्बन हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर स्थापित किए गए हैं, गौवंश संरक्षण के लिए आश्रय योजना संचालित है, और कचरा प्रबंधन के लिए आधुनिक मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन का निर्माण किया गया है। 30 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन और 11 ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं। स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने वाले पर्यावरण मित्रों को ‘स्वच्छता सैनानी सम्मान’ से सम्मानित किया जा रहा है।

इस अवसर पर विधायक खजान दास, बंशीधर भगत, उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, सचिव शहरी विकास नितेश झा, निदेशक शहरी विकास विनोद गिरी गोस्वामी, नगर आयुक्त देहरादून नमामि बंसल और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
