देहरादून : उत्तराखंड चैलेंजर्स कप सीजन–10 के तहत महिला क्रिकेट प्रतियोगिता का रोमांचक आयोजन 14 मार्च को करण मित्र मंडल क्रिकेट मैदान, सेक्टर-7 ऐरोली में किया गया। इस प्रतियोगिता का आयोजन बुरांश यूथ यूनाइटेड की ओर से किया गया, जिसमें महिला खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन कर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

प्रतियोगिता में कुल छह टीमों ने हिस्सा लिया, जिनमें गढ़-कुमाऊं पर्वतीय समाज (विरार), हिमालयन क्वींस (नवी मुंबई), नंदा देवी यूनाइटेड इलेवन (ऐरोली), चंद क्वींस इलेवन (ठाणे), उत्तराखंड महिला संगठन (मुंबई) और दोस्ती ग्रुप इलेवन (ठाणे) शामिल थीं। सभी टीमों के बीच दो-दो लीग मैच खेले गए, जिनमें कड़े और रोमांचक मुकाबले देखने को मिले।

पहले लीग मैच में गढ़ कुमाऊं पर्वतीय समाज और हिमालयन क्वींस आमने-सामने रहीं। गढ़ कुमाऊं टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार ओवर में 34 रन बनाए। जवाब में हिमालयन क्वींस ने आखिरी गेंद पर ज्योति ठाकुर के चौके की मदद से मैच अपने नाम कर लिया।

दूसरे लीग मुकाबले में हिमालयन क्वींस और चंद क्वींस इलेवन के बीच मैच खेला गया। चंद क्वींस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 32 रन बनाए, जिसे हिमालयन क्वींस ने शानदार बल्लेबाजी के दम पर हासिल कर सेमीफाइनल में जगह बना ली।
तीसरे लीग मैच में नंदा देवी यूनाइटेड इलेवन और दोस्ती ग्रुप इलेवन आमने-सामने रहीं। नंदा देवी की सलामी बल्लेबाज काव्य उपाध्याय और चेतना ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए चार ओवर में 83 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए दोस्ती ग्रुप की टीम मात्र 16 रन पर सिमट गई।

चौथे मुकाबले में उत्तराखंड महिला संगठन और नंदा देवी यूनाइटेड इलेवन के बीच मैच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तराखंड महिला संगठन ने चार ओवर में 18 रन बनाए। नंदा देवी यूनाइटेड ने लक्ष्य का पीछा करते हुए एक ओवर एक गेंद में ही जीत दर्ज कर ली।

पांचवें लीग मैच में गढ़ कुमाऊं पर्वतीय समाज और चंद क्वींस इलेवन के बीच मुकाबला हुआ। गढ़ कुमाऊं टीम ने चार ओवर में 32 रन बनाकर 33 रन का लक्ष्य दिया। बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर टीम ने विपक्ष को 30 रन पर रोकते हुए जीत हासिल की और सेमीफाइनल में जगह बनाई।

छठे लीग मैच में उत्तराखंड महिला संगठन और दोस्ती ग्रुप इलेवन के बीच मुकाबला हुआ। उत्तराखंड महिला संगठन ने चार ओवर में दो विकेट खोकर 18 रन बनाए। जवाब में दोस्ती ग्रुप इलेवन ने पांच गेंदों में ही लक्ष्य हासिल कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।

सेमीफाइनल मुकाबलों में भी खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। पहले सेमीफाइनल में गढ़ कुमाऊं पर्वतीय समाज और हिमालयन क्वींस आमने-सामने रहीं। गढ़ कुमाऊं टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच ओवर में 62 रन बनाए। जवाब में हिमालयन क्वींस की टीम लक्ष्य के करीब पहुंची, लेकिन अंततः एक रन से मैच हार गई। इस जीत के साथ गढ़ कुमाऊं पर्वतीय समाज फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनी।

दूसरे सेमीफाइनल में नंदा देवी यूनाइटेड इलेवन और दोस्ती ग्रुप इलेवन के बीच मुकाबला हुआ। नंदा देवी यूनाइटेड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच ओवर में 93 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए दोस्ती ग्रुप इलेवन की टीम 31 रन ही बना सकी और नंदा देवी यूनाइटेड ने फाइनल में जगह बना ली।

अब टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 29 मार्च को सिडको क्रिकेट मैदान, बेलापुर में खेला जाएगा।
पूरे टूर्नामेंट में काव्य उपाध्याय, चेतना, ज्योति ठाकुर और रेवा घनाटा ने अपनी शानदार बल्लेबाजी और खेल कौशल से दर्शकों और अतिथियों को प्रभावित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में करण मड़वी (माजी नगरसेवक), सावित्री पुरोहित, सेवानिवृत्त न्यायाधीश करमचंद पुरोहित, समाजसेवी चामू सिंह राणा, सुरेश राणा, बहादुर सिंह बिष्ट (माजी नगरसेवक), अमन ‘पप्पू’ बर्थवाल, श्याम सिंह बिष्ट, लक्ष्मण ठाकुर, भूपेश गुनियाल, नमिता कफलिया, मनोज दानू, तारा सिंह कपकोटी (अध्यक्ष, उत्तराखंड किसान यूनियन), मोहन सिंह बिष्ट, हरीश जोशी, केशर सिंह बिष्ट, राकेश खानखरियाल, धनवीर चमियाल और सुरेश जोशी मौजूद रहे।

विशेष अतिथि एवं सहयोगियों में धाम सिंह मनराल, नवीन चंद ठाकुर, अर्जुन इगराल, भूपी चंद, प्रवीण ठाकुर, वसंत धपोला, प्रदीप मोनी, कैलाश सिंह बोरा, महावीर घनाटा, वीणा नेगी, शेखर टम्टा, कैलाश ठाकुर, लोकेंद्र ओझा, संगीता बलोदी, शशि नेगी, भूपेश कपकोटी, जय किशोर शर्मा, हरी बिष्ट, रंजीत बिष्ट, रोहित बिष्ट, रमेश गोस्वामी, शीला डाबोला, दीपक कोटिया, गजेंद्र रावत, गामी ग्रुप से मीत, सुरेंद्र खोलिया, सुरेश पुरोहित, ज्योति कोठियाल, निर्मला बलोदी और गढ़वाल एकता समिति के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और फाइनल मुकाबले के लिए शुभकामनाएं दीं।

पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार बल्लेबाजी, सटीक गेंदबाजी और बेहतरीन क्षेत्ररक्षण का प्रदर्शन करते हुए खेल प्रेमियों का भरपूर मनोरंजन किया।
