हल्द्वानी : उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तराखंड के चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई…जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर मूंढापांडे थाना क्षेत्र के मनकरा मोड़ के पास हुआ।
बताया जा रहा है कि हल्द्वानी और नैनीताल के पांच युवक कार से दिल्ली की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार आगे चल रही ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार युवक अंदर ही फंस गए।
सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे युवकों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मूंढापांडे पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद चार युवकों को मृत घोषित कर दिया…जबकि एक युवक को गंभीर हालत में मुरादाबाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि कार में सवार सभी युवक उत्तराखंड के हल्द्वानी क्षेत्र के रहने वाले थे और दिल्ली की ओर जा रहे थे। हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अनिल नेगी, सुंदर सिंह, भुवन भंडारी और दयाल सिंह के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक का नाम यशदीप पांडे बताया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि कार चालक को झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हो गया और सामने चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतकों के परिजनों को सूचना दी जा रही है।

इस हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए अधिकारियों को मौके पर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
