अमित शाह
उत्तराखंड में धामी सरकार के चार साल पूरे होने पर 7 मार्च को हरिद्वार में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। ‘चार साल बेमिसाल’ थीम पर होने वाले इस आयोजन में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और भाजपा संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
वॉयस ओवर — हरिद्वार के बैरागी कैंप मैदान में बड़े पैमाने पर मंच, पंडाल और सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं मौके पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उनके साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत कई वरिष्ठ नेता और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
सरकार की ओर से चार साल की उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिए विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें विभिन्न विभागों के विकास कार्यों और योजनाओं की झलक दिखाई जाएगी। इसके साथ ही संशोधित आपराधिक कानून बीएनएस से जुड़ी जानकारी भी आमजन तक पहुंचाने की तैयारी है।
कार्यक्रम को राजनीतिक दृष्टि से भी अहम माना जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का दौरा संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण है और आगामी चुनावी रणनीतियों पर भी चर्चा की संभावना जताई जा रही है। भाजपा संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर व्यापक जनसमूह जुटाने की तैयारी में हैं।

प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम स्थल पर यातायात व्यवस्था, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष योजना बनाई गई है।
धामी सरकार के चार साल पूरे होने के अवसर पर यह आयोजन उपलब्धियों के प्रदर्शन के साथ-साथ शक्ति प्रदर्शन के रूप में भी देखा जा रहा है। अब सभी की नजरें 7 मार्च को हरिद्वार में होने वाले इस बड़े राजनीतिक और प्रशासनिक कार्यक्रम पर टिकी हैं।
