एसआईआर
देहरादून में चल रहे प्री एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान में अब तक 66.62 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। प्रशासन के मुताबिक 10 लाख 39 हजार 833 मतदाताओं का मिलान किया जा चुका है, जबकि शेष मतदाताओं के सत्यापन का अभियान जारी है।
वॉयस ओवर — नगर निगम सभागार में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने समीक्षा बैठक कर प्रगति का आकलन किया। आंकड़ों के अनुसार चकराता विधानसभा 99.03 प्रतिशत मैपिंग के साथ जिले में पहले स्थान पर है, जबकि धर्मपुर विधानसभा 56.94 प्रतिशत के साथ सबसे पीछे है। अन्य विधानसभाओं में विकासनगर 70.47, सहसपुर 71, रायपुर 62.64, राजपुर रोड 61.19, देहरादून कैंट 61.36, मसूरी 63.52, डोईवाला 70 और ऋषिकेश में 60.87 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित ईआरओ को निर्देश दिए कि बीएलओ के कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा की जाए। जिन बूथों पर मैपिंग का प्रतिशत कम है, वहां अतिरिक्त कार्मिकों की ड्यूटी लगाकर कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन के अनुसार जिले में कुल 15 लाख 60 हजार 788 मतदाता हैं। इनमें से 5 लाख 20 हजार 955 मतदाताओं का मिलान अभी शेष है। जिले की 10 विधानसभाओं में कुल 2369 बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) तैनात हैं। राजनीतिक दलों को भी शत-प्रतिशत बीएलए नियुक्त करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

प्रशासन का कहना है कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है, ताकि आगामी चुनावों में पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित की जा सके। अभियान को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।
