रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा क्षेत्र में रविवार सुबह एक घटना ने कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण कर दिया। हल्द्वानी टैम्पो स्टैंड के पास स्थित हनुमान मंदिर के बाहर मुर्गे का कटा हुआ सिर मिलने की सूचना से लोगों में आक्रोश फैल गया और मौके पर भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने घटना को गंभीर बताते हुए नारेबाजी शुरू कर दी और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। संवेदनशीलता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी भूपेंद्र सिंह धौनी और किच्छा कोतवाल प्रकाश दानू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच में जो तथ्य सामने आया, उससे पूरे मामले की तस्वीर साफ हो गई। फुटेज में देखा गया कि किसी व्यक्ति ने मंदिर के बाहर मुर्गे का सिर नहीं रखा था। एक कुत्ता अपने मुंह में मांस का टुकड़ा लिए घूम रहा था और उसी दौरान वह टुकड़ा मंदिर के बाहर गिर गया।
सीओ भूपेंद्र सिंह धौनी ने मौके पर मौजूद लोगों को सीसीटीवी फुटेज दिखाकर स्थिति स्पष्ट की, जिसके बाद आक्रोश शांत हो गया और भीड़ धीरे-धीरे हट गई।

प्रशासन ने अपील की है कि किसी भी घटना पर बिना पुष्टि के अफवाह न फैलाएं और शांति बनाए रखें। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि त्वरित जांच और पारदर्शिता से संभावित तनाव को समय रहते नियंत्रित किया जा सका।
