चंपावत : चंपावत जिले में आस्था और परंपरा के प्रतीक मां पूर्णागिरि मेले का विधिवत शुभारंभ हो गया। पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा के साथ टनकपुर के ठूलीगाड़ क्षेत्र में मेले का उद्घाटन किया।
मुख्यमंत्री ने मां पूर्णागिरि धाम पहुंचकर भगवती के चरणों में नमन किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मां पूर्णागिरि मेला प्रदेश की आस्था, संस्कृति और लोक परंपराओं का विराट उत्सव है। उन्होंने सनातन संस्कृति के संरक्षण और तीर्थ स्थलों के विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि केदारखंड और मानसखंड क्षेत्रों में मंदिरों के पुनरुद्धार और तीर्थ विकास के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। साथ ही उन्होंने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।
मेले के शुभारंभ के बाद मुख्यमंत्री कार से लोहाघाट के छमनिया स्पोर्ट्स मैदान हेलीपैड पहुंचे। वहां निर्माणाधीन महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और स्टेडियम का निरीक्षण कर विकास कार्यों की समीक्षा की।
इसके बाद वे रामलीला मैदान, लोहाघाट में आयोजित ‘काली कुमाऊं होली रंग महोत्सव’ में प्रतिभाग करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शाम को छमनिया हेलीपैड से ऊधम सिंह नगर (खटीमा) के लिए प्रस्थान करेंगे।

मां पूर्णागिरि मेले के शुभारंभ के साथ ही क्षेत्र में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने लगी है और प्रशासन ने व्यवस्थाओं को लेकर विशेष तैयारी की है।
