हरिद्वार : हरिद्वार में बोर्ड परीक्षा फर्जीवाड़े के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ता को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले पुलिस असली परीक्षार्थी की जगह हिंदी का पेपर दे रहे सात आरोपितों को पकड़ चुकी थी…जबकि एक आरोपी फरार बताया गया था। मामले में प्रधानाचार्य सुरेश चंद्र द्विवेदी की तहरीर पर कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कर परीक्षा दिलाने वाले आरोपी की पहचान चंगेज अंसारी निवासी ज्वालापुर के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक वह खुद को एक स्कूल का प्रिंसिपल बताता था और “द सक्सेज प्वॉइंट” नाम से ऑनलाइन कोचिंग ग्रुप भी चलाता था।

पूछताछ में सामने आया कि ट्यूशन के नाम पर रकम लेकर दूसरी छात्रा की फोटो लगाकर फर्जी प्रवेश पत्र तैयार कराया गया और उसी आधार पर परीक्षा दिलाई गई। पुलिस ने आरोपी को धोखाधड़ी, कूटरचना और सार्वजनिक परीक्षा में प्रतिरूपण के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। मामले में संबंधित स्कूल की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
