हल्द्वानी : हल्द्वानी के चोरगलिया क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है। गाजीपुर गांव में सोमवार देर रात पारिवारिक विवाद के बाद एक ठेकेदार ने आत्मघाती कदम उठा लिया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार 35 वर्षीय कमलेश चंद्र बेलवाल अपने परिवार के साथ गाजीपुर गांव में रहते थे। सोमवार रात किसी बात को लेकर उनका पत्नी से विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद वह आक्रोश में अपने कमरे में चले गए और अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली।
परिजनों द्वारा तुरंत उन्हें हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है।
सीओ अमित कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। कमलेश बेलवाल नगर निगम के ठेकेदार थे और उनके परिवार में तीन साल की एक बेटी है।
यदि आप या आपका कोई परिचित मानसिक तनाव से गुजर रहा है, तो समय रहते परिवार, मित्रों या विशेषज्ञों से बात करना जरूरी है। सहायता लेना कमजोरी नहीं…बल्कि समझदारी है।

