देहरादून/हरिद्वार : सांसद हरिद्वार और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बहादराबाद–इकबालपुर नहर को लेकर सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में क्षेत्र के किसानों की बढ़ती सिंचाई जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नहर की वर्तमान स्थिति, जल प्रवाह क्षमता और तकनीकी समस्याओं पर चर्चा की गई।
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना को समयबद्ध योजना के तहत आगे बढ़ाया जाए, ताकि किसानों को पर्याप्त और निर्बाध सिंचाई सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र की मजबूती के लिए बेहतर जल प्रबंधन बेहद जरूरी है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर पानी उपलब्ध कराना, फसलों की सुरक्षा और क्षेत्र की कृषि को समृद्ध बनाना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है। बैठक में प्रो. नरेंद्र सिंह और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सुभाष वर्मा समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
