देहरादून। आईपीएस अधिकारी प्रमेन्द्र डोबाल ने शनिवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के रूप में पदभार ग्रहण कर लिया। पद संभालने के बाद उन्होंने महिला सुरक्षा, कानून व्यवस्था और यातायात सुधार को अपनी प्रमुख प्राथमिकता बताया।
नवनियुक्त एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने कहा कि पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाकर उनकी कार्यक्षमता को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने समाज में शांति और सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए जीरो टॉलरेंस नीति अपनाने की बात कही।
उन्होंने कहा कि देहरादून उनके लिए नया शहर नहीं है और वे यहां की चुनौतियों से भली-भांति परिचित हैं। शहर में बढ़ते अपराध, ट्रैफिक अव्यवस्था और महिला सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए इन क्षेत्रों में प्रभावी सुधार किए जाएंगे।
एसएसपी ने बताया कि लोगों में बढ़ रही असुरक्षा की भावना को दूर करना पुलिस की बड़ी जिम्मेदारी है। इसके लिए नियमित गश्त, त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय पर जोर दिया जाएगा। महिला सुरक्षा के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने नागरिकों और मीडिया से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि बेहतर पुलिसिंग के लिए जनता का विश्वास जरूरी है। पुलिस देहरादून को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए हर संभव प्रयास करेगी।
