Haldwani Crime News : शहर के गल्ला मंडी क्षेत्र में देर रात युवक और युवती की बेरहमी से हत्या कर दी गई…जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों के सिर और चेहरे पत्थरों से बुरी तरह कुचले हुए मिले। मृतकों की पहचान 31 वर्षीय शुभम टम्टा निवासी तल्ला खोलटा, लोहर माल रोड, अल्मोड़ा और 19 वर्षीय लक्ष्मी निवासी तल्ली पोखरी नैनीताल के रूप में बताई जा रही है। हल्द्वानी में डबल मर्डर की घटना से लोगों में दहशत का माहौल है।
पुलिस के मुताबिक गुरुवार सुबह करीब साढ़े सात बजे डायल 112 पर सूचना मिली कि गल्ला मंडी के गोदामों के पास युवक और युवती के शव पड़े हैं। मौके पर पहुंची पुलिस को शवों के पास खून से सने पत्थर मिले…जिनसे दोनों पर वार किए जाने की आशंका है। युवक के पास से चंपावत और अल्मोड़ा के आधार कार्ड बरामद हुए हैं…जबकि युवती नैनीताल की बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस दस्तावेजों के आधार पर पहचान की पुष्टि कर रही है।
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। युवक के पास से निरोध, लाइटर और पर्स भी बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को युवक के नशा करने की आशंका भी लगी है…हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने कहा कि हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है और पहचान से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है। वहीं एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित करने के निर्देश दिए। पुलिस मृतक युवक और युवती के हल्द्वानी आने के कारण, उनके ठहरने की अवधि और आपसी संबंधों सहित सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
