हरिद्वार: ज्वालापुर विधानसभा से पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर के निजी होटल से जुड़े एक मैनेजर पर लाखों रुपये की नकदी और सोने की अंगूठी लेकर फरार होने का आरोप लगा है। मामले में शिकायत मिलने के बाद सिडकुल थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पूर्व विधायक के दामाद सोमिल चौधरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सिडकुल क्षेत्र स्थित होटल में देवेश शर्मा मैनेजर के रूप में कार्यरत था। आरोप है कि उसने भरोसा जीतने के बाद होटल से जुड़े बैंक खाते, चेकबुक और डेबिट कार्ड जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल लीं। कुछ समय बाद कर्मचारियों का वेतन देना बंद कर दिया गया और पिछले तीन महीनों से स्टाफ को भुगतान नहीं हुआ।
शिकायत के अनुसार, देवेश शर्मा करीब तीन लाख रुपये नकद और एक सोने की अंगूठी लेकर बिना सूचना होटल छोड़कर फरार हो गया। जब उससे फोन पर संपर्क करने की कोशिश की गई तो उसने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी नितेश शर्मा के अनुसार, जांच जारी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
