देहरादून : पुष्कर सिंह धामी ने किसान परंपरा, ग्रामीण जीवन और गोवंश के महत्व पर आधारित फिल्म ‘गोदान’ को उत्तराखंड में टैक्स फ्री करने के निर्देश दिए हैं। यह फिल्म 6 फरवरी को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और भारतीय संस्कृति व परंपराओं से जुड़ा सामाजिक संदेश देती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गाय केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, ग्रामीण समाज और अर्थव्यवस्था की धुरी है। उनके अनुसार इस तरह की फिल्में समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ सकारात्मक सोच और संवेदनशीलता को भी बढ़ावा देती हैं। इसलिए ऐसी सार्थक फिल्मों को प्रोत्साहित किया जाना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार गोवंश संरक्षण की दिशा में लगातार काम कर रही है। प्रदेश में गोसदनों को बढ़ावा दिया जा रहा है, ताकि निराश्रित और बेसहारा गोवंश की समुचित देखभाल हो सके। साथ ही गोपालकों और पशुपालकों को विभिन्न योजनाओं से जोड़कर उनकी आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत हो।

मुख्यमंत्री धामी ने यह भी कहा कि राज्य सरकार सामाजिक, सांस्कृतिक और जनहित से जुड़े विषयों पर बनने वाली फिल्मों और रचनात्मक प्रयासों को आगे भी सहयोग देती रहेगी।
