उत्तराखंड के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम ने अचानक करवट ली है। बारिश के बीच यमुनोत्री धाम और हेमकुंड साहिब में बर्फबारी हुई है। बर्फ की सफेद चादर से ढके पहाड़ों का खूबसूरत नजारा देखने को मिला। मौसम बदलने के साथ ही ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड भी बढ़ गई है।
यमुनोत्री धाम सहित यमुना घाटी में शनिवार सुबह से बारिश का सिलसिला जारी रहा। यमुनोत्री धाम के आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी हुई। टॉप, सप्त ऋषि कुंड, बंदरपूंछ और गरुड़ गंगा क्षेत्र में भी हिमपात की सूचना है। बारिश और बर्फबारी के बाद यमुनोत्री धाम में ठंड बढ़ गई है। इसके बावजूद श्रद्धालु धाम पहुंच रहे हैं।

वहीं चमोली जिले के हेमकुंड साहिब में भी मौसम ने अपना मिजाज बदला। यहां आधा फीट से ज्यादा बर्फ जम गई है। बर्फबारी के बाद पूरा क्षेत्र सफेद चादर से ढका नजर आया। श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही के लिए पुलिस और एसडीआरएफ के जवान मौके पर तैनात रहे और यात्रियों की मदद करते नजर आए।
मौसम विभाग के रेड अलर्ट को देखते हुए प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा को अस्थायी रूप से रोकने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं बदरीनाथ-केदारनाथ यात्रा जारी है। जिला प्रशासन की ओर से संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर रखी जा रही है। जिला आपातकालीन संचालन केंद्र और स्मार्ट कंट्रोल रूम को सक्रिय रखा गया है। बारिश और भूस्खलन की सूचनाओं पर भी लगातार निगरानी की जा रही है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव की तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मौसम के बदले मिजाज के बीच पहाड़ों में बर्फबारी ने जहां ठंड बढ़ा दी है वहीं हिमालयी क्षेत्रों की खूबसूरती भी निखर उठी है।

