हल्द्वानी में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के खेल क्षेत्र के लिए बड़ा कदम उठाया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम, गौलापार में उत्तराखंड राज्य क्रीड़ा विश्वविद्यालय के प्रथम चरण के 43.50 करोड़ रुपये के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के पहले शैक्षणिक सत्र का भी शुभारंभ किया गया।
मुख्यमंत्री ने महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका जीवन अनुशासन, समर्पण और राष्ट्रभक्ति की मिसाल है। उन्होंने कहा कि क्रीड़ा विश्वविद्यालय की स्थापना से उत्तराखंड के खिलाड़ियों को अब खेल शिक्षा और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया। खिलाड़ियों को देवभूमि उत्तराखंड खेल रत्न, द्रोणाचार्य, लाइफ टाइम अचीवमेंट और हिमालय रत्न पुरस्कार प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना के लाभार्थियों को डीबीटी के माध्यम से खेल छात्रवृत्ति भी दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह छात्रवृत्ति केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि प्रदेश की उभरती खेल प्रतिभाओं के सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम है।
सरकार की खेल योजनाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि 8 से 14 वर्ष के खिलाड़ियों को मासिक छात्रवृत्ति दी जा रही है, जबकि 14 से 23 वर्ष के खिलाड़ियों के लिए मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना संचालित है। खिलाड़ियों को खेल उपकरणों के लिए सहायता के साथ-साथ इंजरी और आकस्मिक परिस्थितियों में बीमा सुविधा भी दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में खेल सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। लोहाघाट में प्रदेश का पहला बालिका स्पोर्ट्स कॉलेज संचालित है, जबकि 23 नई हाईटेक खेल अकादमियां स्थापित करने की दिशा में काम चल रहा है। ‘एक जनपद-एक खेल’ योजना के जरिए जिलों की विशेष खेल पहचान विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के राष्ट्रीय खेलों में अधिक से अधिक पदक जीतने और ओलंपिक-2036 में उत्तराखंड के खिलाड़ियों की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सरकार अभी से रोडमैप पर काम कर रही है। खेलों में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल के लिए ‘मौली एआई एप्लीकेशन’ भी विकसित किया गया है। कार्यक्रम में खेल मंत्री रेखा आर्या, सांसद अजय भट्ट, विधायक मोहन सिंह बिष्ट समेत कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

