हरिद्वार में रविवार को ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ को लेकर संत समाज के बीच बड़ा समागम आयोजित किया गया। प्राचीन अवधूत मंडल आश्रम में हुए कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, योगगुरु स्वामी रामदेव और संत समाज के कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में देश में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ कराने के विचार पर विस्तार से चर्चा हुई।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बार-बार होने वाले चुनावों को देश के विकास में बाधक बताया। उन्होंने कहा कि लगातार चुनाव होने से समय, धन और प्रशासनिक संसाधनों की बड़ी मात्रा चुनावी प्रक्रिया में लग जाती है। आचार संहिता लागू होने से विकास कार्यों की गति भी प्रभावित होती है। उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ होने से संसाधनों की बचत होगी और प्रशासन अपना ज्यादा समय जनसेवा तथा विकास कार्यों में लगा सकेगा।
शिवराज सिंह चौहान ने संत समाज से ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ के पक्ष में जनजागरण अभियान में सहयोग की अपील भी की। उन्होंने इसे किसी एक राजनीतिक दल का मुद्दा न बताते हुए देशहित से जुड़ा विषय बताया।
वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि राष्ट्रहित, सुशासन और जनकल्याण से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि बार-बार चुनाव होने से प्रशासनिक मशीनरी और सुरक्षा बल चुनावी ड्यूटी में व्यस्त रहते हैं। एक साथ चुनाव होने पर सार्वजनिक धन और संसाधनों की बचत के साथ शासन को विकास कार्यों पर ज्यादा ध्यान देने का अवसर मिलेगा।

