राज्य में स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में उत्तराखंड सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को देहरादून स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड स्वच्छ गतिशीलता परिवर्तन नीति-2024 के तहत स्वच्छ ईंधन आधारित 11 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान छह प्राथमिक लाभार्थियों को पूंजीगत अनुदान और प्रोत्साहन राशि के सब्सिडी चेक भी वितरित किए गए, जबकि पांच अन्य लाभार्थियों की सब्सिडी और स्वीकृति प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह पहल केवल आर्थिक सहायता देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्तराखंड को स्वच्छ, आधुनिक और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था की ओर ले जाने का राज्य सरकार का संकल्प है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ ईंधन आधारित सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलने से डीजल वाहनों से होने वाले प्रदूषण में कमी आएगी और प्रदेश के शहरों में पर्यावरण संरक्षण को नई मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पूरी दुनिया जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर चुनौती का सामना कर रही है। ऐसे समय में विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि विकास तभी सार्थक माना जाएगा, जब वह प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ भविष्य सुनिश्चित करे।
मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में चल रहे हरित ऊर्जा और सतत विकास के प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2070 तक नेट-जीरो उत्सर्जन का लक्ष्य, ‘लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट’ अभियान, पीएम ई-बस सेवा और सौर सहित अन्य अक्षय ऊर्जा स्रोतों के विस्तार जैसी योजनाएं भारत की पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।
कार्यक्रम में परिवहन विभाग के अधिकारियों और लाभार्थियों ने भी सरकार की इस पहल का स्वागत किया। सरकार का मानना है कि स्वच्छ ईंधन आधारित वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देकर उत्तराखंड में प्रदूषण नियंत्रण के साथ-साथ आधुनिक और टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था विकसित करने में मदद मिलेगी। आने वाले समय में इस नीति के तहत अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित कर प्रदेश को हरित और स्वच्छ परिवहन मॉडल के रूप में स्थापित करने की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे।

