टिहरी जिले के चर्चित केतन लाल हत्याकांड में अब बड़ा कानूनी मोड़ सामने आया है। हाईकोर्ट के निर्देश, पीड़िता की मां की तहरीर और मेडिकल जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मृतक केतन लाल और उसके दोस्त दिवाकर डिमरी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सात जून की रात देवल गांव निवासी केतन लाल अपने दोस्त दिवाकर डिमरी के साथ दूसरे गांव में एक नाबालिग लड़की के घर पहुंचा था। घटना की जानकारी मिलने पर लड़की के परिजनों ने दोनों के साथ मारपीट की, जिसमें केतन गंभीर रूप से घायल हो गया। अगले दिन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौंड ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस मामले में पहले पुलिस ने केतन के परिजनों की शिकायत पर नाबालिग के पिता, दादा सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया था। हालांकि, नाबालिग के परिवार ने आरोप लगाया कि उनकी शिकायत और लगाए गए गंभीर आरोपों पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसी के चलते उन्होंने न्याय के लिए हाईकोर्ट का रुख किया।
अब मेडिकल जांच रिपोर्ट में नाबालिग के साथ दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद मामले की दिशा बदल गई है। हाईकोर्ट के निर्देश और पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने केतन लाल और दिवाकर डिमरी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी कानूनी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए की जा रही है। दुष्कर्म के आरोप में दिवाकर डिमरी की भूमिका की भी गहन जांच चल रही है और आवश्यक साक्ष्य मिलने पर उसकी गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
यह मामला अब दो अलग-अलग पहलुओं—केतन की हत्या और नाबालिग से कथित दुष्कर्म—की समानांतर जांच का विषय बन गया है। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों की निष्पक्ष और तथ्यों के आधार पर जांच की जाएगी तथा दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

