उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद रविवार सुबह देहरादून के टपकेश्वर मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने पूजा-अर्चना की और कन्या पूजन किया। इससे पहले शनिवार रात उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी और वह अपने सरकारी आवास पहुंची थीं। डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी तबीयत पहले से बेहतर है, हालांकि कभी-कभी उनका ब्लड प्रेशर बढ़ रहा है।
मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू से जुड़ा मामला इन दिनों चर्चा में है। रेखा आर्या ने अपने पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। मामले की जांच के लिए उत्तराखंड पुलिस ने एसआईटी गठित की है। एसपी देहात जया बलोनी के नेतृत्व में 10 सदस्यीय टीम इस प्रकरण की जांच कर रही है।
मंत्री की तबीयत खराब होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उस समय एसआईटी ने कहा था कि उनके स्वस्थ होने के बाद बयान दर्ज किए जाएंगे। अब उनके अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद एसआईटी रविवार को उनका बयान दर्ज कर सकती है।
इससे पहले रेखा आर्या ने एक ऑडियो को लेकर दावा किया था कि वह पूरी तरह असली है और उसमें किसी तरह की एआई तकनीक का इस्तेमाल नहीं हुआ है। उन्होंने कहा था कि महिलाओं को अत्याचार के खिलाफ आवाज उठानी चाहिए। मंत्री ने यह भी कहा कि उन्होंने अपने आत्मसम्मान के लिए एफआईआर दर्ज कराने का फैसला लिया है और उन्हें उम्मीद है कि पुलिस उन्हें न्याय दिलाएगी।

