केसी वेणुगोपाल
उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी सिलसिले में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल दो दिवसीय दौरे पर देहरादून पहुंचे हैं। उनके दौरे को प्रदेश कांग्रेस के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि इस दौरान संगठनात्मक मजबूती से लेकर चुनावी रणनीति तक कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर मंथन होगा।
देहरादून पहुंचने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केसी वेणुगोपाल का जोरदार स्वागत किया। अपने दौरे के पहले दिन उन्होंने जिला और महानगर अध्यक्षों के साथ बैठक की। इसके अलावा जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों के साथ भी अलग-अलग दौर की बैठकें आयोजित की जा रही हैं। इन बैठकों में संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा के साथ आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा हो रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि केसी वेणुगोपाल पार्टी के संगठनात्मक ढांचे की समीक्षा करेंगे और कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे। उनका कहना है कि राष्ट्रीय नेतृत्व के इस दौरे से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
बैठकों के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में चलाए जा रहे पेपर लीक प्रकरण को लेकर राष्ट्रव्यापी अभियान “छात्रों की गूंज” की भी समीक्षा की जाएगी। साथ ही प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी जनसंपर्क कार्यक्रमों पर भी विस्तार से चर्चा होगी।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि उत्तराखंड में कांग्रेस अभी से चुनावी मोड में दिखाई दे रही है। पार्टी संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और जनता के मुद्दों को लेकर आक्रामक रणनीति तैयार करने पर जोर दे रही है।
ऐसे में केसी वेणुगोपाल का यह दो दिवसीय दौरा केवल संगठनात्मक समीक्षा तक सीमित नहीं माना जा रहा, बल्कि इसे उत्तराखंड में कांग्रेस के चुनावी अभियान की औपचारिक शुरुआत के रूप में भी देखा जा रहा है। आने वाले दिनों में इन बैठकों से निकले फैसले प्रदेश की राजनीति पर महत्वपूर्ण असर डाल सकते हैं।

