उत्तराखंड में वीकेंड पर बड़ी संख्या में पर्यटकों और श्रद्धालुओं के पहुंचने से मसूरी और कैंची धाम में यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। मसूरी में रविवार को लगातार तीसरे दिन सुबह के समय प्रमुख चौक-चौराहों पर वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। पर्यटकों की भीड़ के साथ होटलों से एक साथ चेकआउट होने के कारण ट्रैफिक का दबाव और बढ़ गया।
रविवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे से दोपहर 12 बजे के बीच मसूरी में सबसे ज्यादा यातायात दबाव रहा। होटल से एक साथ बड़ी संख्या में वाहन निकलने के कारण लाइब्रेरी चौक, पिक्चर पैलेस चौक और मालरोड पर जाम की स्थिति बनी रही। कई पर्यटक और स्थानीय लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे। मालरोड से जुड़े संपर्क मार्गों पर भी वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई।
ट्रैफिक दबाव कम करने के लिए पुलिस ने होटल संचालकों से पर्यटकों का चेकआउट अलग-अलग समय पर कराने की अपील की थी। शनिवार को प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह गहलोत ने होटल संचालकों से इस व्यवस्था को अपनाने का आग्रह किया था, ताकि एक साथ बड़ी संख्या में वाहन सड़कों पर न आएं। हालांकि रविवार को इस अपील का अपेक्षित असर नहीं दिखाई दिया।
अधिकांश होटलों में पूर्व निर्धारित समय पर ही चेकआउट हुआ और बड़ी संख्या में वाहन एक साथ मालरोड के दोनों बैरियर की ओर पहुंच गए। इसके चलते लाइब्रेरी और पिक्चर पैलेस की ओर जाने वाले मार्गों पर अचानक यातायात का दबाव बढ़ गया।
वहीं, नैनीताल जिले के प्रसिद्ध कैंची धाम में भी रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। बाबा नीब करौरी महाराज के दर्शन के लिए सुबह से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे। करीब चार बजे से मंदिर के गेट के बाहर दर्शन के लिए कतार लगनी शुरू हो गई थी। सुबह सात बजे दर्शन शुरू होने के बाद भी दिनभर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।

