हिमाचल सीमा
उत्तराखंड में निहंग सिखों से जुड़े विवाद के बीच सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। निहंगों द्वारा उत्तराखंड कूच की संभावित घोषणा को देखते हुए हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश से लगने वाली सीमाओं पर हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। विशेष रूप से देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र स्थित कुल्हाल बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है।
पुलिस और प्रशासन ने सीमावर्ती इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए हैं। कुल्हाल बॉर्डर पर उत्तराखंड पुलिस के साथ भारत-तिब्बत सीमा पुलिस यानी आईटीबीपी के जवान भी मोर्चा संभाले हुए हैं। सुरक्षा एजेंसियां आने-जाने वाले प्रत्येक वाहन और व्यक्ति की गहन जांच कर रही हैं। बिना आवश्यक सत्यापन और अनुमति के किसी भी समूह को राज्य में प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है।
देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी गई है और किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैयार है। वहीं एसपी देहात पंकज गैरोला, विकासनगर कोतवाल राजीव रौथाण सहित कई वरिष्ठ अधिकारी लगातार क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा प्रबंधों की निगरानी कर रहे हैं।
पुलिस की विशेष टीमें देर रात से लेकर सुबह तक सीमावर्ती क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चला रही हैं। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ लोगों की पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया भी की जा रही है। डाकपत्थर पुल, डाकपत्थर बैराज और हिमाचल से जुड़े अन्य संपर्क मार्गों पर भी अतिरिक्त निगरानी बढ़ा दी गई है।
प्रशासन का कहना है कि यह अभियान किसी विशेष समुदाय को लक्षित करने के लिए नहीं, बल्कि कानून व्यवस्था बनाए रखने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।
फिलहाल हिमाचल सीमा से लेकर विकासनगर और डाकपत्थर क्षेत्र तक सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह मुस्तैद हैं। राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन का कहना है कि शांति व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

