मुंबई में उत्तराखंडियों की सबसे पुरानी और प्रतिनिधि संस्था गढ़वाल भ्रातृ मंडल ने समाज के मेधावी और जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए निःशुल्क नोटबुक, लेखन सामग्री वितरण और कैरियर गाइडेंस कार्यक्रम का आयोजन किया। स्वर्गीय सुशीला देवी पंत एवं स्वर्गीय पुरुषोत्तम पंत स्मृति न्यास के सहयोग से आयोजित इस अभियान के तहत भाईंदर (पूर्व) और जोगेश्वरी (पूर्व) में लगभग 250 विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। इस अभियान में उत्तरांचल मित्र मंडल भाईंदर, उत्तराखंड एजुकेशन सोसाइटी, गढ़वाल कला केंद्र सहित कई सामाजिक संस्थाओं ने सहयोग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और मेधावी विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और उनकी पढ़ाई में सहयोग देना रहा।

भाईंदर में आयोजित कार्यक्रम में नगर सेविका जया दत्ता मुख्य अतिथि रहीं। भारतीय विद्यालय की संचालिका शोभा ध्यानी जोशी और ठाकुर विद्यालय की प्रिंसिपल सविता कुकरेती विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। इस दौरान मोटिवेशनल स्पीकर जगमोहन कंडारी ने विद्यार्थियों को कैरियर चयन, लक्ष्य निर्धारण और भविष्य की संभावनाओं को लेकर प्रेरक मार्गदर्शन दिया।
जोगेश्वरी में आयोजित कार्यक्रम में नगर सेविका लोना रावत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। गढ़वाल कला केंद्र और अन्य सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजसेवी, शिक्षाविद और अभिभावक भी मौजूद रहे।

गढ़वाल भ्रातृ मंडल के अध्यक्ष रमण मोहन कुकरेती ने कहा कि संस्था लंबे समय से शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय है। उनका कहना था कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ सही मार्गदर्शन मिलना भी उतना ही जरूरी है, ताकि वे अपने भविष्य को बेहतर दिशा दे सकें। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में भी ऐसे जनहित और छात्र हित के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।
जरूरतमंद विद्यार्थियों तक शिक्षा का सहयोग पहुंचाने की यह पहल समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश देने के साथ-साथ युवा पीढ़ी को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने वाली साबित हुई।

