बागेश्वर में फुटबॉल का महासंग्राम
बागेश्वर के ऐतिहासिक नुमाइश मैदान में चल रही ऑल इंडिया प्राइजमनी फुटबॉल प्रतियोगिता अब अपने अंतिम दौर में पहुंच गई है। बागेश्वर फ्रेंड्स फुटबॉल क्लब की ओर से बागेश्वर के विधायक और उत्तराखंड सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय चंदन राम दास की स्मृति में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में अंतिम सेमीफाइनल मुकाबला खेला गया।
सेमीफाइनल मुकाबले में बीएनएफसी मुंबई और मऊ स्पोर्ट्स स्टेडियम उत्तर प्रदेश की टीमें आमने-सामने थीं। दोनों टीमों के बीच मुकाबला देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी नुमाइश मैदान पहुंचे। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। हालांकि मुकाबला एकतरफा रहा और बीएनएफसी मुंबई की टीम ने मऊ स्पोर्ट्स स्टेडियम उत्तर प्रदेश को 1-0 से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
सेमीफाइनल मुकाबले की मुख्य अतिथि जिला विकास अधिकारी संगीता आर्या रहीं। उन्होंने मैदान पर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता के आयोजन की सराहना की।
अब प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है। क्लब के सचिव कमल जगाती ने बताया कि 17 सितंबर 2026 को नुमाइश मैदान में फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। फाइनल में बीएनएफसी मुंबई की टीम का सामना दिल्ली गढ़वाल डायमंड से होगा।
क्लब सचिव ने बागेश्वर की खेल प्रेमी जनता से बड़ी संख्या में मैदान पहुंचकर फाइनल मुकाबले का आनंद लेने की अपील की। साथ ही बागेश्वर कोतवाली पुलिस से भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस जवान उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है, ताकि फाइनल मुकाबला शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जा सके।
मुकाबले में मुख्य निर्णायक की भूमिका नरेंद्र नंदा ने निभाई। सह-निर्णायक के रूप में सनम पुन और प्रवीण रावत मौजूद रहे, जबकि ऑफिशियल बेंच पर अमन जखमोला ने जिम्मेदारी संभाली। कार्यक्रम का संचालन महेश पंत और आकाश कुमार ने किया।
इस मौके पर क्लब अध्यक्ष मनोज कपकोटी, सचिव कमल जगाती, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद साह, कुलदीप मेहरा समेत अन्य पदाधिकारी और खेल प्रेमी मौजूद रहे। अब सभी की निगाहें 17 सितंबर को होने वाले फाइनल मुकाबले पर टिकी हैं।

