टिहरी जिले के नरेंद्रनगर में आयोजित 50वें सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की सांस्कृतिक संध्या उस समय चर्चा में आ गई, जब पंजाबी गायक दलेर मेहंदी की प्रस्तुति के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंच गए। लाइव शो के दौरान दलेर मेहंदी की आवाज लड़खड़ाने पर मंत्री नाराज हो गए और उन्होंने गायक को बीच कार्यक्रम में ही टोक दिया। मंत्री की इस प्रतिक्रिया का मामला अब सुर्खियों में है।
दरअसल, कुंजापुरी मेले की सांस्कृतिक संध्या में दलेर मेहंदी अपने साथी कलाकारों के साथ प्रस्तुति दे रहे थे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे और लोग पंजाबी गीतों का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे और दलेर मेहंदी से कहा कि उन्हें इसलिए बुलाया गया है, ताकि यहां पहुंचे लोगों का मनोरंजन हो सके। उन्होंने कहा कि यह गलत बात है और बड़े नाम की इज्जत रखनी चाहिए। मंत्री ने यह भी कहा, “आपसे ठीक से बोल भी नहीं जा रहा है, गाना क्या गाएंगे।”
मंत्री की टिप्पणी के बाद दलेर मेहंदी ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सुबोध उनियाल से कहा कि उन्होंने उन्हें सम्मान के साथ बुलाया है और उनसे अनुरोध किया कि वह पंडाल में बैठ जाएं, क्योंकि वे अच्छी प्रस्तुति दे रहे हैं। इस घटनाक्रम के दौरान पंडाल में मौजूद दर्शकों के बीच भी हलचल देखने को मिली। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उस समय दर्शकों की ओर से शोर भी होता रहा।
हालांकि, कार्यक्रम में इसके बाद भी संगीत का सिलसिला जारी रहा। दलेर मेहंदी ने अपने साथी कलाकारों के साथ ‘नमो-नमो’, ‘रब-रब’, ‘नना ना रे’ और ‘हो जाएगी बल्ले-बल्ले’ जैसे गीत प्रस्तुत किए। पंजाबी गीतों पर युवाओं ने देर रात तक जमकर डांस किया और सांस्कृतिक संध्या का आनंद लिया।
कुंजापुरी मेले में हुई इस घटना ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं, कलाकारों की प्रस्तुति और आयोजकों की अपेक्षाओं को लेकर चर्चा छेड़ दी है। फिलहाल, मंत्री और गायक के बीच मंच पर हुई इस बातचीत का मामला सुर्खियों में बना हुआ है।

