देहरादून के दून विश्वविद्यालय में दीक्षारम्भ सत्र 2026-27 और युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान सीएम धामी ने विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों के लिए दो इलेक्ट्रिक बसें चलाने समेत कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दून विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए दो इलेक्ट्रिक बसों की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही विश्वविद्यालय के विदेशी भाषा विभागों को भी मजबूत किया जाएगा। स्पेनिश, जर्मन, फ्रेंच, चाइनीज और जापानी भाषाओं के लिए जरूरी पदों का सृजन किया जाएगा।
सीएम धामी ने कहा कि विदेशी भाषाओं की पढ़ाई को कौशल आधारित शिक्षा से जोड़ा जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। इन विभागों के माध्यम से राज्य के अन्य शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को भी भाषा संबंधी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 11 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से निर्मित बायोलॉजिकल साइंस प्रयोगशाला भवन और 17 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से बने केंद्रीय पुस्तकालय भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने दून यूनिवर्सिटी कम्युनिटी रेडियो स्टेशन 88.4 एफएम का भी शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि दून विश्वविद्यालय के केंद्रीय पुस्तकालय का नाम बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के नाम पर रखा जाएगा। रेडियो स्टेशन के संचालन के लिए कार्यक्रम समन्वयक और तकनीकी सहायक के दो पद भी सृजित किए जाएंगे।
सीएम धामी ने कहा कि आज का दौर नवाचार और तकनीक का है। प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और रोजगारपरक बनाने के लिए एआई, मशीन लर्निंग और बिग डेटा जैसे विषयों को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही साइंस सिटी और एस्ट्रो पार्क जैसी परियोजनाओं पर भी काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी सरकार सहयोग दे रही है। UPSC, NDA और CDS जैसी परीक्षाओं में आगे बढ़ने वाले युवाओं को आवश्यक सहायता देने के प्रयास जारी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को बेहतर शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

