स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देहरादून में भाजपा की ओर से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। गांधी पार्क से शुरू हुई इस यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी यात्रा में हिस्सा लिया और प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों में तिरंगा फहराने की अपील की।
तिरंगा यात्रा में शामिल होने से पहले मुख्यमंत्री धामी ने घंटाघर पहुंचकर उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्वर्गीय इंद्रमणि बडोनी और भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वह गांधी पार्क से घंटाघर तक हजारों लोगों के साथ तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्र गौरव का उत्सव है और तिरंगा करोड़ों भारतीयों के स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर जवानों ने तिरंगे की आन और शान के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। भारत की एकता अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए हर नागरिक को प्रतिबद्ध रहना चाहिए।
सीएम धामी ने भारतीय सेना के शौर्य का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर के जरिए भारत ने दुनिया को अपनी ताकत दिखाई है। उन्होंने उत्तराखंड को देवभूमि के साथ वीरभूमि बताते हुए कहा कि प्रदेश की मिट्टी ने देश को अनगिनत वीर सैनिक दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के विकास का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और विकसित भारत 2047 के संकल्प के साथ काम किया जा रहा है।
धामी ने राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि उत्तराखंड में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप की संख्या 1750 से ज्यादा हो चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था और प्रतिव्यक्ति आय में भी वृद्धि हुई है।

