पौड़ी जिले के नैनीडांडा ब्लॉक के ढंगलगांव में बकरियां चरा रही महिला पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों के मुताबिक मंजू देवी अपने देवर के साथ घर के पास खेतों में बकरियां चरा रही थीं। इसी दौरान झाड़ियों में घात लगाकर बैठे भालू ने अचानक उन पर झपट्टा मार दिया।
मंजू देवी के शोर मचाने पर उनके देवर और आसपास मौजूद ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। लोगों के शोर मचाने पर भालू जंगल की ओर भाग गया। हमले में महिला के कान के नीचे गहरे जख्म बताए जा रहे हैं। भालू के हमले के दौरान उनके कुछ दांत भी टूट गए।
घटना के बाद परिजन घायल महिला को उपचार के लिए रामनगर ले गए, जहां उनका इलाज कराया जा रहा है। परिजनों के मुताबिक महिला की हालत को देखते हुए तत्काल चिकित्सा सहायता दी गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ग्रामीण इलाकों के आसपास वन्यजीवों की आवाजाही बढ़ने से लोगों में चिंता बनी हुई है। खेतों और जंगल के आसपास काम करने वाले ग्रामीणों को भी सतर्क रहने की जरूरत है।
वहीं, क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से निगरानी बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। इससे पहले भी उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में भालू के हमलों की घटनाएं सामने आती रही हैं।

