उत्तराखंड की बेटी अनुभा वशिष्ठ ने मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के ग्रैंड फिनाले में शानदार प्रदर्शन करते हुए रनर-अप का खिताब अपने नाम किया। जयपुर में 23 अगस्त को आयोजित ग्रैंड फिनाले में देशभर की 51 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। करीब 40 दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को अलग-अलग चरणों और चुनौतियों से गुजरना पड़ा।
अनुभा ने पूरे सफर के दौरान अपने आत्मविश्वास, व्यक्तित्व, संवाद कौशल और शानदार मंचीय प्रस्तुति से अपनी अलग पहचान बनाई। उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश की पहचान और पहाड़ी संस्कृति को गर्व के साथ सामने रखा।
प्रतियोगिता के दौरान अनुभा ने केवल अपनी खूबसूरती और स्टेज प्रेजेंस से ही नहीं, बल्कि अपनी सोच और आत्मविश्वास से भी प्रभाव छोड़ा। 51 प्रतिभागियों के बीच अंतिम दौर तक पहुंचना और रनर-अप का खिताब हासिल करना उनके लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।
अपनी सफलता पर अनुभा ने कहा कि उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 में रनर-अप बनना उनके लिए गर्व और भावुकता का पल है। उन्होंने कहा कि करीब 40 दिनों का यह सफर सिर्फ एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि खुद को बेहतर तरीके से जानने और अपनी क्षमताओं को पहचानने की यात्रा रहा।
अनुभा ने अपनी सफलता में परिवार के सहयोग को भी अहम बताया। उन्होंने विशेष रूप से अपने पिता का आभार जताया। अनुभा के मुताबिक, उनके पिता ने समाज की सोच की परवाह किए बिना हमेशा उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जीत के दबाव के बजाय अपना शत-प्रतिशत देने की सीख दी।
अनुभा की इस उपलब्धि से उत्तराखंड में खुशी का माहौल है। उनकी सफलता ने एक बार फिर साबित किया है कि पहाड़ की बेटियां भी बड़े राष्ट्रीय मंचों पर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं। उनकी यह उपलब्धि प्रदेश की उन युवतियों के लिए भी प्रेरणा है, जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए आगे बढ़ना चाहती हैं।

