कोटद्वार के पुलिंडा रोड पर रविवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई जब अचानक हाथियों का झुंड सड़क पर आ पहुंचा। वीकेंड पर घूमने निकले युवाओं का सामना हाथियों से हो गया। हाथियों को सामने देखकर कई युवा अपनी जान बचाकर मौके से भाग निकले। इस दौरान हाथियों ने तीन दोपहिया वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया।
जानकारी के अनुसार, पिछले कई दिनों से हाथियों का झुंड पुलिंडा और ग्रास्टनगंज क्षेत्र में लगातार मंडरा रहा है। रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे कुछ युवा दोपहिया वाहनों से पुलिंडा मार्ग पर घूमने पहुंचे थे। इसी दौरान हाथियों का झुंड अचानक सड़क पर आ गया। हाथियों ने एक मोटरसाइकिल को क्षतिग्रस्त कर दिया।
इसके बाद शाम करीब साढ़े तीन बजे तीन हाथी एक बार फिर सड़क पर पहुंच गए। इस दौरान उन्होंने एक स्कूटी और एक रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल को भी नुकसान पहुंचाया। हाथियों की मौजूदगी से सड़क पर लोगों में दहशत फैल गई और कुछ देर के लिए आवाजाही भी प्रभावित रही।
घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ा। रेंजर विपिन चंद्र जोशी ने बताया कि हाथियों के झुंड ने कुल तीन दोपहिया वाहनों को नुकसान पहुंचाया है। सुरक्षा को देखते हुए पुलिंडा मार्ग पर वनकर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है।
वन विभाग ने क्षेत्र में आने-जाने वाले लोगों और खासतौर पर युवाओं से सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि हाथियों की मौजूदगी वाले इलाकों में जाने से बचें और हाथी दिखाई देने पर उनके पास जाने या उन्हें छेड़ने की कोशिश न करें। किसी भी वन्यजीव की मौजूदगी की सूचना तुरंत वन विभाग को देने की अपील भी की गई है।
लगातार आबादी और सड़क क्षेत्रों के आसपास हाथियों की सक्रियता ने एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग की गश्त और निगरानी अब और महत्वपूर्ण हो गई है।

