देहरादून – उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शनिवार को घने कोहरे का असर हवाई सेवाओं पर भी साफ दिखाई दिया। कम दृश्यता के कारण जौलीग्रांट स्थित देहरादून हवाई अड्डे पर सुबह 10 बजे तक एक भी उड़ान लैंड नहीं कर सकी, जबकि सामान्य दिनों में यहां सुबह करीब 7:30 बजे से उड़ानों का आवागमन शुरू हो जाता है।
एयरपोर्ट प्रशासन के अनुसार, दिल्ली, अहमदाबाद, भुवनेश्वर, जयपुर और मुंबई से आने वाली उड़ानें आमतौर पर सुबह 10 बजे तक देहरादून पहुंच जाती हैं। लेकिन शनिवार को कोहरे के कारण अहमदाबाद से सुबह 7:55 बजे आने वाली फ्लाइट लैंड नहीं कर पाई। वहीं, सुबह 8:25 बजे भुवनेश्वर से आने वाली उड़ान को जयपुर डायवर्ट कर दिया गया। दिल्ली से सुबह 9 बजे आने वाली इंडिगो की उड़ान को दिल्ली से ही रद्द कर दिया गया।

शुक्रवार को भी उड़ानें रहीं देरी का शिकार
इससे पहले शुक्रवार को भी मौसम के कारण देहरादून हवाई अड्डे पर उड़ानों का संचालन प्रभावित रहा। मुंबई, जयपुर सहित आठ शहरों से आने वाली उड़ानें अपने निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं।
मुंबई से सुबह 9:55 बजे आने वाली एयर इंडिया की उड़ान 10:24 बजे पहुंची। हैदराबाद से सुबह 11:10 बजे आने वाली इंडिगो की उड़ान 11:46 बजे और दोपहर 12:20 बजे आने वाली एयर इंडिया की उड़ान 12:46 बजे एयरपोर्ट पहुंची। इसके अलावा, मुंबई से दोपहर 2:20 बजे आने वाली एयर इंडिया की उड़ान शाम 3:23 बजे लैंड कर सकी।
शाम के समय भी देरी का सिलसिला जारी रहा। दिल्ली से शाम 4:10 बजे आने वाली एयर इंडिया की उड़ान 4:28 बजे, पुणे से शाम 5:05 बजे आने वाली इंडिगो की उड़ान 5:28 बजे और बेंगलुरु से शाम 5:20 बजे आने वाली इंडिगो की उड़ान 5:58 बजे एयरपोर्ट पहुंची। वहीं, शाम 6:30 बजे आने वाली इंडिगो की एक उड़ान देर शाम 7 बजे तक भी देहरादून नहीं पहुंच सकी।
कोहरे के कारण उड़ानों में हो रही देरी और रद्दीकरण से यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। मौसम साफ होने के बाद ही उड़ान संचालन सामान्य होने की संभावना जताई जा रही है।
