हल्द्वानी में अर्शदीप कौर की मौत का मामला गरमाया, परिजनों ने बुद्ध पार्क में दिया धरना
हल्द्वानी में अर्शदीप कौर की मौत का मामला गरमाया, परिजनों ने बुद्ध पार्क में दिया धरना; न्याय नहीं मिला तो हाईकोर्ट जाएंगे
हल्द्वानी, नैनीताल : उत्तराखंड के हल्द्वानी में PSP अस्पताल में प्रसूता अर्शदीप कौर की मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। अस्पताल प्रबंधन और इलाज में कथित लापरवाही को लेकर मृतका के परिजनों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। मंगलवार को अर्शदीप कौर के परिजनों ने पहाड़ी आर्मी के अध्यक्ष हरीश रावत के नेतृत्व में हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
धरना-प्रदर्शन के दौरान मृतका के पति तलविंदर भुल्लर ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल की ओर से उन्हें गलत ईसीजी रिपोर्ट उपलब्ध कराई गई। तलविंदर भुल्लर के मुताबिक, इस रिपोर्ट में 35 वर्षीय पुरुष का उल्लेख किया गया है, जबकि उनकी पत्नी अर्शदीप कौर की उम्र महज 25 वर्ष थी। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर एक महिला मरीज के मामले में किसी अन्य व्यक्ति की रिपोर्ट कैसे तैयार होकर परिजनों को दे दी गई? परिजनों ने इसे जांच प्रक्रिया में गंभीर गड़बड़ी बताते हुए पूरे मामले की पारदर्शी जांच की मांग की है।
वहीं, पहाड़ी आर्मी के संस्थापक और अध्यक्ष हरीश रावत ने भी अस्पताल की जांच रिपोर्ट और डॉक्टरों की ओर से दिए गए बयानों में कथित अंतर को लेकर सवाल उठाए। उनका कहना है कि मामले की जांच जिस तरह से की जा रही है, उससे परिजनों को संतुष्टि नहीं मिल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच प्रक्रिया में कई ऐसे सवाल हैं, जिनका स्पष्ट जवाब सामने आना जरूरी है।
हरीश रावत ने मांग की कि मामले में जिम्मेदार डॉक्टरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए और जांच पूरी होने तक अस्पताल का लाइसेंस रद्द किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की भी मांग उठाई। उनका कहना है कि अस्पतालों में मरीजों के इलाज और उनकी सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही के आरोपों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और जांच निष्पक्ष तरीके से होनी चाहिए।
धरने पर बैठे परिजनों ने साफ कहा कि उन्हें अब तक न्याय नहीं मिला है। यदि मामले में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई नहीं होती है तो वे उत्तराखंड हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। वहीं, हरीश रावत ने चेतावनी दी कि यदि निजी अस्पतालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई तो पहाड़ी आर्मी प्रदेशव्यापी आंदोलन शुरू करेगी।
बुद्ध पार्क में आयोजित इस धरना-प्रदर्शन में मृतका के परिवार के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष भी शामिल हुए। सभी ने अर्शदीप कौर की मौत के मामले में पारदर्शी जांच और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।
फिलहाल, अर्शदीप कौर की मौत का मामला हल्द्वानी में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग और संबंधित प्रशासन परिजनों की शिकायतों पर क्या कदम उठाते हैं और जांच के जरिए इस मामले से जुड़े सवालों के जवाब कब तक सामने आते हैं।
