देहरादून। नगर निगम की दुकानें आवंटित कराने के नाम पर कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। इस मामले में नगर निगम के पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा के बेटे शाश्वत उनियाल समेत अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता विजय राज चौहान ने एसएसपी से मामले की शिकायत की है। शिकायत का संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने जांच के आदेश दिए हैं। फिलहाल सीओ डालनवाला पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।
तीन दुकानें दिलाने के नाम पर 45 लाख रुपये लेने का आरोप
शिकायतकर्ता विजय राज चौहान और सूरज पाल सिंह के अनुसार, वर्ष 2019 में नगर निगम की जमीन पर तीन दुकानें आवंटित कराने को लेकर करीब 45 लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। आरोप है कि शाश्वत उनियाल ने राजपुर रोड और मसूरी रोड क्षेत्र में दुकानें दिलाने का भरोसा देकर अलग-अलग किस्तों में रकम ली थी।
![]()
23 लाख रुपये अब भी बकाया होने का दावा
शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2023 में मसूरी रोड स्थित खाला गांव के मैगी प्वाइंट और कुठाल गेट के पास दुकानें दिलाने का आश्वासन भी दिया गया। इस दौरान नगर निगम कर्मचारी दिनेश खन्ना से मुलाकात कराई गई और संबंधित दस्तावेज भी लिए गए।हालांकि, शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि तय समय बीतने के बावजूद उन्हें दुकानें आवंटित नहीं की गईं। वर्ष 2025 में जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो कुछ पैसे लौटाए गए, लेकिन करीब 23 लाख रुपये अभी भी बकाया हैं।शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया है कि बकाया रकम मांगने पर उन्हें और उनके परिवार को धमकाया गया। साथ ही घर पहुंचकर दबाव बनाने और तोड़फोड़ करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
RTI से सामने आई दुकानों की स्थिति
शिकायतकर्ता का दावा है कि सूचना का अधिकार (RTI) के जरिए नगर निगम से जानकारी लेने पर पता चला कि जिन दुकानों को स्थायी रूप से आवंटित कराने का भरोसा दिया गया था, वे वास्तव में अस्थायी दुकानें थीं। इसके बावजूद दुकानें दिलाने के नाम पर उनसे लाखों रुपये लिए गए।
सुनील उनियाल गामा ने भी जांच की बात कही
वहीं, पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा ने कहा है कि वह इस पूरे मामले की जांच जरूर कराएंगे। उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि यदि किसी व्यक्ति की मासिक आय 8 से 10 हजार रुपये है, तो उसके पास इतनी बड़ी रकम कहां से आई, इसकी भी जांच होनी चाहिए।फिलहाल एसएसपी के निर्देश पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
