उत्तराखंड से बड़ी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर प्रदेश में 19 अक्टूबर 2026 को महानवमी के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इस संबंध में शासनादेश जारी कर दिया गया है। इस घोषणा के बाद महानवमी के दिन प्रदेश में संबंधित सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में छुट्टी रहेगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने महानवमी के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराएं हमारी समृद्ध विरासत की पहचान हैं। हमारे त्योहार न केवल सांस्कृतिक जड़ों को मजबूत करते हैं, बल्कि समाज में आस्था, सद्भाव और एकता की भावना को भी बढ़ावा देते हैं।
सीएम धामी ने कहा कि मातृ शक्ति का भारतीय संस्कृति और परंपराओं में विशेष स्थान है। नवरात्रि का पर्व नारी शक्ति, श्रद्धा, आस्था और भक्ति का प्रतीक है। यह पर्व समाज में महिलाओं के सम्मान, सामर्थ्य और उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि इन परंपराओं और मूल्यों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जा सके।
गौरतलब है कि 19 अक्टूबर को शारदीय नवरात्रि की महानवमी मनाई जाएगी। इस दिन मां दुर्गा के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, महानवमी पर पूजा-पाठ और हवन का विशेष महत्व है। इस अवसर पर श्रद्धालु कन्या पूजन भी करते हैं। इसमें नौ कन्याओं को देवी स्वरूप मानकर उनके चरण धोए जाते हैं, उन्हें भोजन कराया जाता है और दक्षिणा देकर सम्मानपूर्वक विदा किया जाता है।

