मौसम
उत्तराखंड में अक्टूबर की शुरुआत के साथ मौसम ने एक बार फिर करवट लेनी शुरू कर दी है। बुधवार को देहरादून में दोपहर तक मौसम साफ रहा और धूप खिली रही लेकिन इसके बाद अचानक मौसम बदला और कई इलाकों में झमाझम बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई और वातावरण में ठंडक बढ़ गई। अचानक हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली लेकिन मौसम में बदलाव के साथ ठंड का असर भी महसूस होने लगा।
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में आने वाले दिनों में बारिश का तेज दौर देखने को मिल सकता है। 12 अक्तूबर तक उत्तराखंड के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। खास तौर पर पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश की तीव्रता अधिक रहने की संभावना है। ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ तापमान में तेजी से गिरावट आने का अनुमान है।
मौसम में इस बदलाव का असर मैदानी क्षेत्रों में भी देखने को मिल सकता है। पर्वतीय इलाकों में बढ़ती ठंड के चलते देहरादून समेत अन्य मैदानी क्षेत्रों के तापमान में भी गिरावट आने की संभावना है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक इस बार अक्तूबर में लोगों को सामान्य गुलाबी ठंड के बजाय अपेक्षाकृत अधिक ठंड का सामना करना पड़ सकता है।
इससे पहले मंगलवार को भी प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में दोपहर बाद तेज बारिश दर्ज की गई थी। देहरादून में बारिश के चलते अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य रहा। वहीं बारिश के आंकड़ों में सहस्रधारा क्षेत्र सबसे आगे रहा। सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे तक यहां 47.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
बारिश के बाद देहरादून का मौसम सुहावना हो गया है और तापमान में गिरावट के साथ ठंडक बढ़ने लगी है। आने वाले दिनों में पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और तापमान में गिरावट के चलते मौसम का मिजाज और बदल सकता है। ऐसे में अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में उत्तराखंड में ठंड का असर बढ़ने के आसार हैं।

