आदि रंगोत्सव
खटीमा में तीन दिवसीय उत्तराखंड आदि रंगोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। इससे पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में मुख्य चौराहे से नवीन सब्जी मंडी तक रोड शो निकाला गया। पारंपरिक वेशभूषा और लोक नृत्य के साथ स्थानीय लोगों ने रोड शो का स्वागत किया।
मुख्यमंत्री धामी ने दीप प्रज्ज्वलित कर आदि रंगोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने इसे उत्तराखंड की संस्कृति और जनजातीय समाज के गौरव का प्रतीक बताया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और जुएल ओराम समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान खटीमा स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के विस्तार और सुविधाओं के लिए करीब 10 करोड़ रुपये खर्च करने की घोषणा की गई। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने बताया कि चार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले हॉस्टल का टेंडर हो चुका है और जल्द ही निर्माण शुरू होगा। विद्यालय में 480 विद्यार्थियों को शिक्षा देने की व्यवस्था होगी।
मुख्यमंत्री ने जनजातीय समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने के लिए सरकार की योजनाओं का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत खटीमा क्षेत्र में आवास बनाए गए हैं। बाजपुर में 100 बेड का बालक छात्रावास और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं पर भी काम चल रहा है।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने उत्तराखंड की थारू, बोक्सा, जौनसारी और राजी समेत विभिन्न जनजातियों की संस्कृति और परंपराओं की सराहना की। उन्होंने जनजातीय समाज से अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजते हुए विकास की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
आदि रंगोत्सव में देश के अलग-अलग राज्यों से आए कलाकारों ने लोक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। जनजातीय उत्पादों के स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। मुख्यमंत्री धामी ने कलाकारों के साथ ढोल बजाया और कार्यक्रम में सम्मानित अतिथियों का स्वागत किया।

