उत्तरकाशी के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद फंसे पर्वतारोहियों और ट्रैकर्स को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। गंगोत्री ग्लेशियर क्षेत्र की अलग-अलग चोटियों और ट्रैकिंग रूट पर गए करीब 136 पर्वतारोही खराब मौसम के चलते फंस गए थे। प्रशासन और रेस्क्यू एजेंसियों की संयुक्त कार्रवाई में अब तक 60 लोगों को सुरक्षित निकाला जा चुका है।
मंगलवार सुबह भी रेस्क्यू अभियान तेज किया गया। कालिंदी पास बेस क्षेत्र से 10, सतोपंथ बेस क्षेत्र से चार और जोगिन-1 पास बेस क्षेत्र से आठ सदस्यों को सुरक्षित निकाला गया। वहीं कालिंदी खाल में फंसे सभी 19 लोगों को भी सुरक्षित हर्षिल पहुंचाया गया। इससे पहले सोमवार को ऑडिन कोल और कालिंदी खाल क्षेत्र से 40 पर्वतारोहियों को हेलिकॉप्टर के जरिए निकाला गया था।
रेस्क्यू अभियान में एसडीआरएफ, आईटीबीपी, एनआईएम, वन विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमें जुटी हुई हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में लगातार बारिश और बर्फबारी के कारण बचाव अभियान में चुनौतियां बनी हुई हैं। मौसम अनुकूल होने पर हेलिकॉप्टर के जरिए रेस्क्यू को आगे बढ़ाया जा रहा है। एसडीआरएफ की हाई एल्टीट्यूड टीम मौके पर रेकी कर सुरक्षित मार्गों का आकलन भी कर रही है।
रेस्क्यू किए गए लोगों को हर्षिल हेलीपैड लाया जा रहा है, जहां उनके लिए भोजन, गर्म पानी और स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन के अनुसार रेस्क्यू किए जा रहे सभी लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता दी जा रही है।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य स्मार्ट कंट्रोल रूम से पूरे अभियान की निगरानी कर रहे हैं और संबंधित विभागों के साथ लगातार समन्वय बनाए हुए हैं। प्रशासन की टीमें अन्य उच्च हिमालयी क्षेत्रों में फंसे पर्वतारोहियों से संपर्क बनाए रखने और उन्हें चरणबद्ध तरीके से सुरक्षित निकालने में जुटी हैं। रेस्क्यू अभियान अभी जारी है।
