श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पर्व पर घर लौटने और धार्मिक यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने दिल्ली और हरिद्वार के बीच अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह विशेष ट्रेन 3 से 6 सितंबर के बीच संचालित होगी और रुड़की रेलवे स्टेशन पर भी इसका ठहराव रहेगा।
रेलवे के मुताबिक गाड़ी संख्या 04413 दिल्ली-हरिद्वार अनारक्षित स्पेशल ट्रेन 3, 4 और 5 सितंबर को दिल्ली रेलवे स्टेशन से रात 11 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन गाजियाबाद, मेरठ सिटी, मुजफ्फरनगर और रुड़की होते हुए अगले दिन सुबह 4 बजकर 55 मिनट पर हरिद्वार पहुंचेगी।
वहीं वापसी के लिए गाड़ी संख्या 04414 हरिद्वार-दिल्ली अनारक्षित स्पेशल ट्रेन 4, 5 और 6 सितंबर को हरिद्वार रेलवे स्टेशन से शाम 5 बजे रवाना होगी। निर्धारित स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए ट्रेन रात करीब 10 बजे दिल्ली पहुंचेगी।
जन्माष्टमी के दौरान हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे का यह फैसला काफी अहम माना जा रहा है। स्पेशल ट्रेन के संचालन से यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा विकल्प मिलेगा और नियमित ट्रेनों पर दबाव कम करने में भी मदद मिल सकती है।
इसके अलावा रेलवे की ओर से अयोध्या कैंट और आनंद विहार टर्मिनल के बीच भी विशेष ट्रेन का संचालन किया जाएगा। गाड़ी संख्या 04213-14 दोनों दिशाओं में एक-एक फेरा लगाएगी। ट्रेन 3 सितंबर को शाम 6 बजकर 20 मिनट पर अयोध्या कैंट से रवाना होकर अगले दिन सुबह 6 बजकर 10 मिनट पर आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।
वापसी में यह ट्रेन 4 सितंबर को सुबह 8 बजकर 20 मिनट पर आनंद विहार से रवाना होकर रात 9 बजकर 35 मिनट पर अयोध्या कैंट पहुंचेगी। रास्ते में बाराबंकी, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद, हापुड़ और गाजियाबाद में इसका ठहराव रहेगा। जन्माष्टमी पर रेल यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने अतिरिक्त व्यवस्था की है।

